जीवन की संध्या या अनुभव की परिपक्वता में स्वयं को ‘छाते’ के समान ढाल लेना मानवीय चेतना के सर्वोच्च शिखर को छूने जैसा है।
जब मनुष्य जीवन के लंबे पथ पर चलते हुए अनेक उतार-चढ़ाव देख लेता है, तब उसके भीतर एक गहरा ठहराव आ जाना स्वाभाविक है।
इस अवस्था में जीवन को छाते की तरह जीने का अर्थ यह है कि व्यक्ति अपनी उपयोगिता, अपनी शक्ति और अपनी सीमाओं, तीनों का सम्यक बोध प्राप्त कर चुका है। तब छाता अपने आप में एक बहुत ही सुंदर और सार्थक प्रतीक है। उसका अस्तित्व ही रक्षा करने के लिए है, परंतु वह हर समय खुला नहीं रहता।
जब आकाश से तपती धूप बरसती है या मूसलाधार बारिश होती है, केवल तभी वह खुलकर अपना विस्तार करता है और अपने नीचे खड़े लोगों को आश्रय देता है। जैसे ही मौसम सामान्य होता है, वह अपने सारे तामझाम को समेटकर एक पतली सी छड़ी के रूप में किसी शांत कोने में टिक जाता है।
ठीक यही भूमिका एक अनुभवी और वरिष्ठ व्यक्ति की अपने परिवार और समाज के प्रति होनी चाहिए।
जब परिवार या समाज पर किसी प्रकार के संकट, विपत्ति, अनिर्णय या भटकाव की धूप-बरसात आए, तब अनुभवी व्यक्ति का चुपचाप कोने में बैठे रहना उचित नहीं है।
उस समय यदि वह मौन रहता है, तो यह उसकी उदासीनता या पलायन माना जाएगा। संकट की घड़ी में अपने संचित ज्ञान, धैर्य और अनुभव का छाता तानकर अपनों को सुरक्षा देना उसका परम कर्तव्य है। किंतु इसमें सबसे महत्वपूर्ण और सूक्ष्म शर्त यह है कि यह विस्तार परिवार या समाज की ‘इच्छा और आमंत्रण’ पर होना चाहिए, अपने अधिकार या अहंकार के बल पर नहीं।
अक्सर उम्र और अनुभव बढ़ने के साथ मनुष्य के भीतर यह सूक्ष्म दंभ प्रवेश कर जाता है कि उसने दुनिया देखी है और युवा पीढ़ी अभी नादान है। इसी भाव के कारण वह हर छोटे-बड़े कार्य में हस्तक्षेप करने लगता है।
बिना धूप-बरसात के भी यदि छाता खुला रखा जाए, तो वह राह चलने में बाधा बनता है और तेज हवा के झोंकों से उसके स्वयं के टूटने का भय भी बना रहता है। इसी प्रकार, जब परिवार में सब कुछ सामान्य गति से चल रहा हो और नई पीढ़ी अपने जीवन के निर्णय स्वयं ले रही हो, तब अपने अनुभवों का बोझ उन पर लादना उनके स्वाभाविक विकास को अवरुद्ध कर देता है।
योगेश कुमार मिश्र
संस्थापक
सनातन ज्ञान पीठ
ज्योतिष एवं आध्यात्मिक शोध संस्थान
कुण्डली परामर्श हेतु सम्पर्क कीजिये
मोबाईल : 9453092553

