साधना के पथ पर चलने वाले प्रत्येक साधक को यह सत्य गहराई से समझ लेना चाहिए कि आहार केवल पेट भरने का माध्यम नहीं है, अपितु यह हमारे विचारों और हमारी चेतना का निर्माण करने वाला कच्चा माल है।
हम जो भी ग्रहण करते हैं, उसके तीन भाग होते हैं ! पहला स्थूल भाग मल बन जाता है, दूसरा मध्यम भाग मांस और रक्त बनता है, तीसरा सबसे सूक्ष्म भाग जो सीधे हमारे ‘मन’ को प्रभावित करता है।
यदि आहार तामसिक है, बासी है, अत्यधिक पका हुआ है, रसायनों से युक्त है या हिंसा से प्राप्त किया गया है, तो वह नाड़ियों में मल जमा करेगा। जब नाड़ियाँ अवरुद्ध होंगी, तो प्राण का प्रवाह रुक जाएगा और मन में आलस्य, भय, क्रोध तथा निद्रा का साम्राज्य छा जाएगा। ऐसी देह में कैवल्य तप की उच्च ऊर्जा को धारण करना असंभव है।
इसके विपरीत, सात्विक आहार वह है जो सूर्य की जीवनी-शक्ति से सीधा पका हो, जैसे ऋतु के अनुकूल ताजे फल, अंकुरित अन्न, देशी बीजों से उगाई गई वनस्पतियाँ और शुद्ध जल। जब साधक ऐसा जीवंत आहार ग्रहण करता है, तो पाचन तंत्र को उसे पचाने में अपनी ऊर्जा नष्ट नहीं करनी पड़ती। यही बची हुई ऊर्जा ‘ओजस’ में रूपांतरित होकर मस्तिष्क की ओर उठती है और ध्यान की गहराई का आधार बनती है।
इसके साथ ही, शरीर के आंतरिक शोधन के लिए आंवला, हरड़ और बहेड़ा जैसी प्राकृतिक औषधीय वनस्पतियों का संतुलित उपयोग तथा पाक्षिक उपवास नाड़ियों के कचरे को भस्म करने में अचूक भूमिका निभाते हैं। उपवास का अर्थ भूखा रहना नहीं, बल्कि पाचन की अग्नि को विश्राम देकर उस अग्नि से शरीर के भीतर जमा विष को जलाना है।
शैव ग्राम में दिन में केवल 2 बार (प्रातः 10 से 11 बजे के मध्य और सायं सूर्यास्त से पूर्व) भोजन का नियम है। भोजन सामने आने पर तुरंत ग्रहण न करें। 2 मिनट के लिए दोनों हाथ जोड़कर आँखें बंद करें और उस अन्न में समाहित सूर्य के प्रकाश, जल और मिट्टी की ऊर्जा के प्रति कृतज्ञता का भाव जगाएं।
इसके पश्चात पूर्ण मौन में रहकर प्रत्येक ग्रास को कम से कम 32 बार चबाएं, जब तक कि वह मुख के भीतर ही तरल न बन जाए। भोजन के समय मन में कोई अन्य विचार न चले, पूरा ध्यान केवल स्वाद और अन्न से निकलने वाली प्राण-शक्ति के अवशोषण पर रहे।
रात्रि के अंतिम प्रहर में त्रिफला चूर्ण को गुनगुने जल के साथ ग्रहण कर नाड़ियों के शोधन को पूर्ण करें। यह क्रिया भोजन को स्थूल पदार्थ को बदलकर ‘अमृत’ बना देती है !!
यही शैव ग्राम में भोजन का मुख्य नियम है !!
योगेश कुमार मिश्र
संस्थापक
सनातन ज्ञान पीठ
ज्योतिष एवं आध्यात्मिक शोध संस्थान
कुण्डली परामर्श हेतु सम्पर्क कीजिये
मोबाईल : 9453092553

