स्प्रिचुआल अरेस्ट से बचिये

जिस प्रकार आज की डिजिटल दुनिया में साइबर अपराधी लोगों को झूठे मुकदमों और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर उनकी सोचने-समझने की शक्ति को पंगु बना देते हैं और उन्हें वर्चुअल रूप से बंधक बना लेते हैं !

ठीक उसी प्रकार मानव समाज में सदियों से एक बहुत बड़ा मनोवैज्ञानिक जाल काम कर रहा है जिसे आध्यात्मिक कैद कहा जा सकता है। इस अदृश्य जेल में करोड़ों लोग अपनी ही आस्था, विश्वास, पाप-पुण्य के डर और मोक्ष के लालच के कारण मानसिक रूप से कैद हैं।

यह स्थिति किसी एक संप्रदाय या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया भर के संगठित धार्मिक ढांचे इसी पर टिके हैं। बचपन से ही व्यक्ति के मन में यह बात बैठा दी जाती है कि यदि उसने स्थापित नियमों का उल्लंघन किया तो उसे ईश्वर के प्रकोप, नरक या बुरे कर्मों का सामना करना पड़ेगा।

इस निरंतर डर के कारण मानव मस्तिष्क का भय केंद्र यानी अज्ञात भय अति-सक्रिय हो जाता है, जिससे उसका तार्किक हिस्सा काम करना बंद कर देता है। यही कारण है कि बड़े-बड़े शिक्षित और समझदार लोग भी तार्किकता को छोड़कर अंधविश्वास के दलदल में फंस जाते हैं।

इस व्यवस्था में बिचौलिए और शोषक वर्ग इंसानी असुरक्षा, अकेलापन और भविष्य के भय को अपना हथियार बनाते हैं। वे मनुष्य को यह विश्वास दिलाते हैं कि उसकी समस्याओं का समाधान केवल उनके द्वारा बताए गए कर्मकांडों, अनुष्ठानों या चढ़ावे से ही संभव है।

इससे व्यक्ति की अपनी निर्णय लेने की क्षमता और आंतरिक शक्ति समाप्त हो जाती है और वह पूरी तरह बाहरी ताकतों पर निर्भर हो जाता है।

इस मानसिक गुलामी से बाहर निकलने के लिए सबसे पहले हमें अपने भीतर पल रहे भय और अपराधबोध को पहचानना होगा। जब तक हम हर बात पर सवाल पूछने का साहस नहीं जुटाएंगे और अपने जीवन के निर्णयों की जिम्मेदारी खुद लेना नहीं सीखेंगे, तब तक इस आध्यात्मिक कैद से मुक्ति संभव नहीं है।

वास्तविक अध्यात्म मनुष्य को भयभीत और परजीवी नहीं बनाता, बल्कि उसे स्वतंत्र, निडर और विवेकशील बनाता है। चेतना की यही जागृति ही मनुष्य को इस अदृश्य जाल से हमेशा के लिए मुक्त कर सकती है ! इसके लिये किसी वास्तविक तत्व ज्ञानी गुरु से संवाद कीजिये जिससे इस भ्रम की दुनियां से बाहर निकल सकें और स्प्रिचुआल अरेस्ट से मुक्त हो सकें !!

योगेश कुमार मिश्र

संस्थापक

सनातन ज्ञान पीठ

ज्योतिष एवं आध्यात्मिक शोध संस्थान

कुण्डली परामर्श हेतु सम्पर्क कीजिये

मोबाईल : 9453092553

Share your love
yogeshmishralaw
yogeshmishralaw
Articles: 2718

Newsletter Updates

Enter your email address below and subscribe to our newsletter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *