यज्ञ कुंड में हवन सामग्री और लकड़ियों को जलाकर धुआं करने से पर्यावरण में केवल कार्बन और प्रदूषण फैलता है, जबकि इसके विपरीत वृक्षों की सेवा करना, नए पौधे लगाना और उनकी रक्षा करना ग्रह-दोष शांति का सबसे श्रेष्ठ और जीवंत मार्ग है।
सनातन संस्कृति में यज्ञ और हवन का मूल उद्देश्य प्रकृति, पर्यावरण और जन-कल्याण से जुड़ा था, न कि केवल कर्मकांडीय दिखावे से।
ज्योतिषीय दृष्टि से प्रत्येक वृक्ष किसी न किसी ग्रह का प्रत्यक्ष प्रतिनिधित्व करता है; जैसे पीपल, बरगद और मदार से सूर्य और गुरु की ऊर्जा संतुलित होती है, पलाश और खेजड़ी से चंद्रमा का प्रभाव सुधरता है, नीम और खैर से मंगल, तथा अमरूद, जामुन और शमी से बुध व शनि के नकारात्मक प्रभाव स्वतः शांत होने लगते हैं। जब कोई व्यक्ति पेड़ लगाता है, उसे नियमित सींचता है और उसकी रक्षा करता है, तो वह प्रकृति के साथ सीधा और जीवंत संबंध स्थापित करता है।
महंगी हवन सामग्री को अग्नि में स्वाहा करने के बजाय यदि वही संसाधन फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाने में उपयोग किए जाएं, तो वह पीढ़ियों तक ऑक्सीजन, भोजन और जीवन प्रदान करते हैं।
वृक्षों के रोपण और संरक्षण से पक्षियों, कीटों और मूक वन्यजीवों को आश्रय व आहार मिलता है, जिससे प्रकृति का समस्त चक्र संतुलित हो जाता है। किसी भूखे-प्यासे जीव या पौधे की सच्ची सेवा का पुण्य किसी भी बाह्य कर्मकांड से कई गुना बड़ा होता है।
हमारे प्राचीन ऋषियों ने जंगलों और वनों में रहकर ही वास्तविक साधना की थी, क्योंकि वे भली-भांति जानते थे कि यह समस्त ब्रह्मांड ही एक विराट यज्ञ कुंड है और इस धरती पर उगने वाला प्रत्येक हरा-भरा वृक्ष उस यज्ञ की एक जीवंत आहुति है, जो निरंतर प्राणवायु रूपी आहुति संसार को समर्पित कर रहा है।
यदि मनुष्य अपने दैनिक जीवन में पेड़ों को सहेजने और लगाने का संकल्प ले ले, तो यह किसी भी बड़े ज्योतिषीय अनुष्ठान की तुलना में अधिक फलदायी और कल्याणकारी सिद्ध होगा।
यज्ञ कुंड में हवन सामग्री फेंकने से बेहतर है ग्रह दोष शांति के लिए वृक्षों की सेवा करो !!
योगेश कुमार मिश्र
संस्थापक
सनातन ज्ञान पीठ
ज्योतिष एवं आध्यात्मिक शोध संस्थान
कुण्डली परामर्श हेतु सम्पर्क कीजिये
मोबाईल : 9453092553

