यही तुम्हारे जीवन में असफलता का कारण है !
मनुष्य वास्तविक अर्थों में शारीरिक श्रम से नहीं थकता, बल्कि निराशा, दिशाहीनता और असफलता के बोध से टूट जाता है। हमारे जीवन के अधिकांश कष्टों का मूल कारण शारीरिक ऊर्जा की कमी नहीं, बल्कि मानसिक ऊर्जा और उत्साह का क्षरण है।
शारीरिक थकान एक अत्यंत प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसका समाधान केवल कुछ घंटों की गहरी नींद, विश्राम और अच्छा भोजन है। लेकिन जब हम मनोवैज्ञानिक रूप से ‘थकते’ हैं, तो उसका सीधा संबंध हमारे मस्तिष्क के ‘रिवॉर्ड सिस्टम’ और डोपामाइन के स्तर से होता है।
जब हम किसी ऐसे लक्ष्य के लिए काम करते हैं जिसमें हमें सार्थकता, अपनी जड़ों से जुड़ाव और स्वामित्त्व का बोध होता है, तो मस्तिष्क निरंतर डोपामाइन स्रावित करता है। यह रसायन भारी शारीरिक श्रम के बावजूद हमें ऊर्जावान और प्रेरित रखता है।
इसके विपरीत, जब हम किसी ऐसी व्यवस्था का हिस्सा होते हैं जहाँ हमारे प्रयासों का कोई सम्मान नहीं होता—जैसे केवल ईएमआई चुकाने के लिए जीवन भर काम करना, तो मस्तिष्क में प्रेरणा का नितांत अभाव हो जाता है।
मनोविज्ञान में इसे ‘सीखी हुई लाचारी’ कहा जाता है। जब व्यक्ति बार-बार एक ऐसे चक्रव्यूह में उलझता है, जहाँ उसे केवल कुंठा और अपमान मिलता है, तो वह मान लेता है कि वह ‘असफल’ है। यही मनोवैज्ञानिक कुंठा शरीर को भीतर से थका देती है।
आप एक ऐसे युवा की कल्पना कीजिए जो किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी में 10-12 घंटे काम करता है। उसे वातानुकूलित कमरे में कुर्सी पर ही बैठना है, फिर भी वह शाम तक पूरी तरह निढाल हो जाता है और अवसाद से घिर जाता है। उसकी यह थकान शारीरिक नहीं है; यह इस बात की गहरी निराशा है कि वह केवल एक ‘कर्मचारी (नौकर)’ बनकर रह गया है, जहाँ उसकी गरिमा और भविष्य दोनों असुरक्षित हैं।
दूसरी ओर, एक ऐसे व्यक्ति को देखिए जो किसी स्वावलंबी जीवनशैली या प्राकृतिक समुदाय के नवनिर्माण के लिए दिन भर धूप में बुनियादी ढांचा (जैसे लकड़ी या मिट्टी का कार्य) खड़ा कर रहा है। रात तक उसका शरीर भले ही चूर-चूर हो जाए, लेकिन उसकी आंखों में एक चमक और मन में गहरी शांति होती है। वह व्यक्ति अवसादग्रस्त नहीं होता क्योंकि वह एक ‘मालिक’ की तरह अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए एक सुरक्षित और सात्विक भविष्य रच रहा है।
अर्थात कहने का तात्पर्य यह है कि कष्ट का कारण परिश्रम नहीं, बल्कि जीवन में गरिमा, सार्थकता और सही दिशा का अभाव है। जब व्यक्ति दूसरों की बनाई व्यवस्था की दासता से निकलकर अपने जीवन का वास्तविक नियंत्रण अपने हाथों में लेता है, तो उसकी निराशा समाप्त हो जाती है और वह असीम ऊर्जा से भर उठता है।
योगेश कुमार मिश्र
संस्थापक
सनातन ज्ञान पीठ
ज्योतिष एवं आध्यात्मिक शोध संस्थान
कुण्डली परामर्श हेतु सम्पर्क कीजिये
मोबाईल : 9453092553
