दुर्योधन का मंदिर : Yogesh Mishra

महाभारत की कथा में दुर्योधन एक खलनायक है  ! लेकिन क्या आपको पता है कि दुर्योधन बहुत बड़ा शिव भक्त था और वह पूरे कुरु साम्राज्य में शैव जीवन शैली की पुनः स्थापना करना चाहता था ! जिस शुभ कार्य में उसके सहायक     गांधार (आधुनिक अफ़गानिस्तान) के महाराजा परम शैव भक्त शकुनि थे !

आज भी देश में कुछ जगहें हैं ! जहां इस बात के प्रमाण मिलते हैं और दुर्योधन के मंदिर भी मिलते हैं ! जहाँ उसे उसके इस शुभ प्रयास के लिये आज भी पूजा जाता हैं !

हिमालय के गढ़वाल क्षेत्र के जौनसार-बावर अंचल के ओसला गांव में आज भी दुर्योधन का बनवाया हुआ वह भगवान शिव का शैव मंदिर है ! जहाँ पर दुर्योधन की रथ यात्रा भी निकाली जाती है ! जिसमें कि पूस माह की पांचवीं तारीख से दुर्योधन की मूर्ति रख कर एक रंगारंग शोभायात्रा के जरिये मोरी तालुका के फितारी गांव पहुंचायी जाती है ! इस यात्रा की अगुवाई करते हैं जौनसार-बावर क्षेत्र के कई समुदायों के मुखिया और ओसला मंदिर के मुख्य पुजारी करते हैं ! वहां से कोटगांव, दतमिर होते हुये यह यात्रा 20 दिन बाद फिर दुर्योधन की मूर्ति के साथ ओसला मंदिर में लौट आती है ! वहां के निवासी आज भी दुर्योधन को ही अपना राजा मानते हैं !

कुरुक्षेत्र के युद्ध में दुर्योधन के मारे जाने के बाद इस गांव के लोग इतने दुखी हुये कि वह लोग कई दिनों तक रोते रहे ! हजारों लोगों ने निकट बह रही तमसा नदी में कूद कर आत्महत्या कर ली ! जिसे आज “टोन्स नदी” के नाम से जाना जाता है ! इसीलिये इसके जल से कोई पवित्र काम नहीं किया जाता है ! क्योंकि इसे लोग दुख की नदी कहते हैं ! मंदिर के बगल में लोहे का एक कोठार है, जिसे गांव वाले दुर्योधन का कोठार मानते हैं !

दुर्योधन का एक मंदिर दक्षिण भारत में भी है ! केरल के कोल्लम जिले में ! यहां के ‘पोरुवाजी पेरुविरुति मालानाडा’ मंदिर में आज भी दुर्योधन को भगवान के रूप में पूजा जाता है ! इस मंदिर के पीछे एक दिल छू लेने वाली कहानी है !

कहते हैं कि पांडव जब अज्ञातवास में थे तो उनकी खोज में भटकते-भटकते दुर्योधन इस गांव में पहुंच गया ! प्रचंड गर्मी और रास्ते की थकान से पस्त दुर्योधन को देखकर काडुथासेरी समुदाय के एक बुजुर्ग को उस पर दया आ गई !

उन्होंने उसके लिए भोजन-पानी की व्यवस्था की ! इससे खुश होकर दुर्योधन ने उस बुजुर्ग को गले लगाना चाहा तो वह पीछे हट गये ! दुर्योधन ने कारण पूछा, तो उन्होंने कहा- हम नीची जाति के हैं और हम एक क्षत्रिय के गले नहीं लग सकते ! दुर्योधन ने जिस तरह कभी सूतपुत्र कर्ण को गले लगाकर उनका परिचय अपने मित्र के रूप में दिया था, उसी तरह उन्होंने उस बुजुर्ग को भी गले लगा लिया ! कहा- जरूरत के वक्त जो भोजन-पानी दे, उसका दर्जा सबसे ऊपर है ! लौटते समय दुर्योधन ने वादा किया कि कुरुक्षेत्र के युद्ध में सफल होने पर वह दोबारा लौटेगा और उनसे मुलाकात करेगा !

लेकिन कुरुक्षेत्र के युद्ध में 39 लाख 40 हजार योद्धा मारे गये ! जिसमें कृष्ण के छल के कारण कौरव पराजित हुये ! इस युद्ध में दुर्योधन भी मारा गया और वह फिर कभी दोबारा मिलने नहीं आ सका ! लेकिन दुर्योधन की आत्मा उसकी बात का मान रखने के लिए वहां पहुंची ! उसी रात उस बुजुर्ग ने सपने में दुर्योधन को देखा !

अगली सुबह उसे अपने घर के सामने बरगद का एक पौधा रखा मिला ! बुजुर्ग ने उस पौधे को रोप दिया और वहीं पर पूजा की एक वेदी बनाई ! उसके बाद से दुर्योधन की पूजा शुरू हो गई ! माना जाता है कि उसी बरगद के वृक्ष में आज भी शैव भक्त दुर्योधन की आत्मा सूक्ष्म रूप में रहती है ! और सभी शैव भक्तों की मनोकामना पूरी करती है !

आज उस वेदी की जगह एक विशाल मंदिर खड़ा है ! यह मंदिर वैष्णव जात-पात, छूत-अछूत की भावना से कोसों दूर है ! कई धर्मों के लोग यहां प्रार्थना करने आते हैं ! इस मंदिर के पुजारी भी ब्राह्मण नहीं हैं ! उसी बुजुर्ग के परिवार से ही आज भी पुजारी चुने जाते हैं !

किंतु इन सत्य घटनाओं का वर्णन वैष्णव धर्म ग्रंथों में नहीं मिलता है ! क्योंकि यह सब शैव जीवन शैली के प्रचारक तथा भगवान शिव के शिष्य थे ! इसीलिये वैष्णव लेखकों ने इनके महत्व को अपने धर्म ग्रंथों में वर्णित नहीं किया ! जो कि वैष्णव लेखकों द्वारा इतिहास के साथ एक बहुत बड़ा धोखा है !

अतः हम सभी निष्पक्ष विचारकों का यह कर्तव्य बन जाता है कि हम वैष्णव लेखकों द्वारा जो धर्म ग्रंथों में धोखाधड़ी की गई है ! उसे आम जनमानस के सामने प्रस्तुत करें ! जिससे शैवों के संघर्ष गाथा की भी समाज को जानकारी मिल सके !!

योगेश कुमार मिश्र

संस्थापक

सनातन ज्ञान पीठ

ज्योतिष एवं आध्यात्मिक शोध संस्थान

कुण्डली परामर्श हेतु सम्पर्क कीजिये

मोबाईल : 9453092553

और अधिक जानकारी के लिये पढ़िये

www.sanatangyanpeeth.in

Share your love
yogeshmishralaw
yogeshmishralaw
Articles: 2133

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *