आज की इस अत्यधिक प्रतिस्पर्धी और भागदौड़ भरी दुनिया में हर व्यक्ति किसी न किसी अदृश्य दौड़ का हिस्सा बन गया है। कोई धन कमाने की होड़ में है, कोई यश और प्रतिष्ठा के पीछे भाग रहा है, तो कोई सामाजिक मान्यताओं के अनुरूप खुद को ढालने के लिए सांस रोके दौड़ रहा है।
इस सार्वभौमिक आपाधापी के बीच, जब कोई व्यक्ति समाज की निर्धारित चाल से हटकर अपनी अंतःप्रेरणा से किसी मौलिक और स्वावलंबी सृजन में प्रवृत्त होता है, तो समाज के लोग उसे भी अपनी ही दौड़ का हिस्सा मान लेते हैं।
जब मुझसे यह प्रश्न बार-बार पूछा जाता है कि आप इस शैव ग्राम के निर्माण में इतनी ऊर्जा क्यों लगा रहे हैं और क्या आप किसी लक्ष्य या प्रतियोगिता को प्राप्त करना चाहते हैं, तो मेरा सहज यही उत्तर होता है कि शैव ग्राम का निर्माण मेरी मौज है, दौड़ नहीं। जो व्यक्ति किसी की दौड़ में शामिल ही नहीं है, उसे भला कोई कैसे हरा सकता है।
दौड़ और मौज यानी आनंद दो पूरी तरह से विपरीत ध्रुव हैं। दौड़ हमेशा बाहरी दबाव, समय-सीमा, तुलना और किसी गंतव्य पर दूसरों से पहले पहुँचने की बेचैनी से पैदा होती है। दौड़ में एक विजेता होता है और बाकी सब पराजित होते हैं तथा दौड़ में हमेशा पीछे छूट जाने का या हार जाने का भय बना रहता है।
इसके विपरीत, मौज पूरी तरह से भीतर से उपजती है और यह किसी बाहरी पुरस्कार की मोहताज नहीं होती। मौज में किया गया कार्य अपने आप में ही उसका उद्देश्य और उसका परिणाम होता है।
जब मैंने सवाई माधोपुर की इस प्राकृतिक भूमि पर शैव ग्राम की परिकल्पना की, तो मेरा उद्देश्य किसी बाजारू प्रतियोगिता में उतरना नहीं था, बल्कि यह मेरी आत्मानुभूति और सृजन का आनंद था। जब कार्य प्रतियोगिता न रहकर आनंद बन जाता है, तो वहाँ थकान और तनाव का कोई स्थान नहीं रहता।
पराजय या हार का अस्तित्व केवल वहीं तक सीमित है जहाँ कोई नियमबद्ध प्रतियोगिता चल रही हो। यदि दो लोग एक ही रास्ते पर एक ही लक्ष्य के लिए दौड़ रहे हैं, तो एक जीतेगा और दूसरा हारेगा।
किंतु जो व्यक्ति अपने ही अनूठे मार्ग पर चल रहा है, अपनी ही धुन में मग्न है, उसका कोई प्रतियोगी ही नहीं है। जब मैं किसी से अपनी तुलना ही नहीं कर रहा, तो न कोई मुझसे आगे है और न कोई पीछे।
मुझे इस बात की तनिक भी चिंता नहीं है कि दुनिया मेरे इस प्रयास को सफल मानती है या असफल, क्योंकि मेरा वास्तविक संतोष इस बात में है कि मैंने अपनी सृजनात्मक ऊर्जा को सही दिशा दी है।
जब हारने का कोई भय ही नहीं बचा, तो किसी के लिए भी मुझे पराजित कर पाना असंभव है और ऐसी स्थिति में व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वतंत्र और निर्भय हो जाता है।
जब लोग बाहर से यह सब देखते हैं, तो वह अपनी सीमित वैचारिक मान्यताओं के कारण इसे भी किसी बड़ी उपलब्धि की दौड़ मान बैठते हैं और सोचते हैं कि इसके पीछे कोई बहुत बड़ा व्यावसायिक या सामाजिक लाभ छिपा होगा। यह सब किसी को दिखाने या किसी दौड़ में प्रथम आने के लिए नहीं है, बल्कि यह हमारी अपनी अंतरात्मा की पुकार और मौज का परिणाम है, जिसे इस दुनियां की दौड़ से बाहर का व्यक्ति ही समझ सकता है !!
योगेश कुमार मिश्र
संस्थापक
सनातन ज्ञान पीठ
ज्योतिष एवं आध्यात्मिक शोध संस्थान
कुण्डली परामर्श हेतु सम्पर्क कीजिये
मोबाईल : 9453092553

